
उज्जैन। फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट की वारदात का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा खुलासा किया गया। बदमाश सादलपुर धार के रहने वाले हैं। लूट को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था वही चौथा साथी ने रैकी की थी, पुलिस ने बदमाशों को रिमांड पर लेकर 25 हजार नगद, एक एयर गन, दो बाइक और लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि खाचरोद में 4 फरवरी की सुबह खाचरौद क्षेत्र के लसुडिय़ा खेमा तथा बाछाखेड़ी आम रोड पर प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कनेक्शन एजेंट राहुल मेवाड़ा के साथ तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर करीब 52 हजार रुपये और लैपटॉप रखा बैग लूट लिया था। खाचरौद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से चार दिन बाद धार जिले के सादलपुर में रहने वाले तीन बदमाशों मोईन पिता इमरान खान, साहिल पिता शहजाद, अतुल पिता सूर्यमणि यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपने चौथे साथी अरमान पिता रोशन खान 21 साल निवासी ग्राम खामरिया थाना खाचरौद की रैकी पर लूट को अंजाम देना कबूल कर लिया। लूट में शामिल चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर चारों के निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 25 हजार रुपए, दो बाइक, लैपटॉप और एयर गन बरामद की है। चारों से रिमांड अवधि में पूछताछ जारी है। बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
अरमान कई दिनों से रख रहा था नजर
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि खाचरौद का रहने वाला अरमान कई दिनों से कलेक्शन एजेंट पर नजर बनाए हुए था। जो कि पल-पल की खबर हम तक पहुंचता था और किस समय राशि रहती थी उसकी जानकारी देता था। गांव में कलेक्शन के लिए आने पर एजेंट के पास हजारों रुपए की राशि एकत्रित होने की जानकारी के बाद उसने अपने रिश्तेदारों मोईन और साहिल को लूट के लिए तैयार किया। वारदात से पहले तीनों ने अपने दोस्त अतुल को भी शामिल कर लिया और लूटी गई राशि आपस में बांट ली। पुलिस के अनुसार चारों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है बावजूद इसके पूछताछ की जा रही है।
