भागीरथपुरा में गंदे पानी का कहर जारी, बुजुर्ग और मासूम की मौत से आंकड़ा 35 पर पहुंचा

इंदौर:भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से फैल रही बीमारी थमने का नाम नहीं ले रही है. सोमवार रात एक बुजुर्ग और मंगलवार तड़के एक दो साल की बच्ची की मौत के बाद इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है. इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात 75 वर्षीय शालिग्राम ठाकुर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. परिजनों का कहना हैं कि जनवरी की शुरुआत में उलटी-दस्त की शिकायत के बाद उन्हें पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया था.

लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद हाल ही में उन्हें छुट्टी मिली थी, लेकिन तबीयत फिर बिगड़ गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि लकवा होने के बावजूद वे पहले सामान्य जीवन जी रहे थे और बीमारी की शुरुआत दूषित पानी से ही हुई. वहीं मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दो साल की मासूम रिया की भी जान चली गई. 27 दिसंबर को उलटी-दस्त के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे, जहां कुछ सुधार हुआ, लेकिन कुछ ही दिनों में हालत फिर गंभीर होने लगी. करीब 15 दिन पहले उसे चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में लिवर से जुड़ी गंभीर समस्या सामने आई.

इसके बाद सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल में इलाज चला, लेकिन करीब पांच दिन बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया. परिजन लगातार गंदे पानी को ही बीमारी की जड़ बता रहे हैं. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से नलों में दूषित पानी आ रहा है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया. अब जब मौतों का आंकड़ा 35 तक पहुंच चुका है, तब भी हालात पूरी तरह काबू में नहीं हैं. इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तो सक्रिय हैं, लेकिन लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है कि अगर पहले ही पानी की व्यवस्था सुधारी जाती, तो इतनी जानें नहीं जातीं.

Next Post

जुआ फड़ पर छापा, आधा दर्जन पकड़ाए

Tue Feb 10 , 2026
जबलपुर: बरेला पुलिस ने जुआ फड़ पर छापा मार कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया जिनके कब्जे से 3 हजार 620 रूपये जप्त किए गए। पुलिस के मुताबिक वार्ड नम्बर 15 एयरटेल के टावर के पास बरेला में ताश पत्तों पर रूपयों की हारजीत का दाव […]

You May Like