ब्लड डोनेट कर अब ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के होंगे VIP दर्शन

खंडवा। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं को अब सामाजिक सेवा के साथ धार्मिक आस्था का विशेष अनुभव देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रशासन रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए नई पहल पर काम कर रहा है, जिसके तहत रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में VIP या शीघ्र दर्शन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस संबंध में खंडवा कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासनिक योजना के अनुसार ओंकारेश्वर मंदिर क्षेत्र में रक्तदान यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है, जहां आने वाले श्रद्धालु स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। यह व्यवस्था काशी विश्वनाथ और तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर विकसित की जा रही है, जहां सामाजिक सेवा को धार्मिक व्यवस्थाओं से जोड़कर सफल मॉडल बनाया गया है।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्थानीय अस्पतालों और ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रक्तदान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही रक्तदाताओं के लिए अलग से दर्शन व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया ताकि उन्हें लंबी कतारों में प्रतीक्षा न करनी पड़े। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी और अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे।

धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रक्तदान जैसी सामाजिक सेवा को जोड़ने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। फिलहाल योजना प्रारंभिक चरण में है और अंतिम प्रक्रिया एवं पात्रता नियम प्रशासन द्वारा जल्द तय किए जाएंगे।

Next Post

भोपाल में भाजपा का महिला संवाद कार्यक्रम, खण्डेलवाल ने केंद्रीय बजट की विशेषताएं बताईं

Fri Feb 6 , 2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी कैंपस के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में केंद्रीय बजट 2026–27 के प्रचार अभियान के तहत आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में उन्होंने बजट से जुड़ी प्रमुख योजनाओं और महिलाओं के लिए […]

You May Like