
छतरपुर। सड़क पर लगने वाले शुक्रवार बाजार को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे नगर पालिका की टीम ने सड़क पर लगने वाले बाजार को हटवाकर सटई रोड पर शिफ्ट कराया।
नगर पालिका कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने के लिए निर्देशित किया और लाउडस्पीकर के माध्यम से बाजार स्थानांतरण की घोषणा भी कराई। प्रशासन का कहना है कि सड़क पर बाजार लगने से यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत बाजार निर्धारित स्थान पर ही लगाया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही दुकानदारों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए तय स्थान पर ही दुकान लगाएं।
