
इंदौर. नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा शहर की महत्वपूर्ण रामसर साइट सिरपुर तालाब का विभागीय अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर अवलोकन किया गया. इस अवसर पर अपर आयुक्त आशीष पाठक, प्रखर सिंह, शृंगार श्रीवास्तव, सहायक यंत्री आकाश जैन सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा विभागीय अधिकारियों से रामसर साइट सिरपुर तालाब की वर्तमान स्थिति, संरक्षण कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली गई. उन्होंने तालाब में फैली जलकुंभी को शीघ्र हटाने, कैचमेंट एरिया को अतिक्रमण मुक्त करने तथा अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई करने, सिरपुर तालाब प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने, तालाब में किसी भी प्रकार का खाद्य सामग्री नागरिक ना डालें इस हेतु नागरिकों को समझाइए देने के निर्देश दिए. साथ ही तालाब क्षेत्र एवं ग्रीन बेल्ट में किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी अथवा अतिक्रमण को रोकने हेतु सूचना बोर्ड लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए. आयुक्त द्वारा सिरपुर तालाब परिसर में स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर एवं 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का भी निरीक्षण किया गया.
सिंचाई में करें ट्रीटेड वाटर का उपयोग
निरीक्षण के दौरान एसटीपी प्लांट में स्थापित स्काडा सिस्टम, लैब सहित संपूर्ण प्लांट की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया. उन्होंने एसटीपी परिसर एवं आसपास व्यापक पौधारोपण करने तथा प्लांट से प्राप्त ट्रीटेड वाटर का उपयोग ड्रिप सिंचाई के माध्यम से पौधों में करने के निर्देश दिए. उल्लेखनीय है कि सिरपुर तालाब के समीप निर्मित 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट से वर्तमान में शहर के 14 उद्यानों एवं 10 हाइड्रेंट को रि-यूज़ वाटर की आपूर्ति की जा रही है. एसटीपी प्लांट का शेष कार्य पूर्ण होने के पश्चात इसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा.
