
रीवा। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय में छुट्टी जाने को लेकर छात्रों के दो गुटो के बीच जमकर मारपीट हुई. किसी तरह मामले को डीन ने शांत कराया और छात्रों से चर्चा शुरू की तभी सीनियर छात्रों का गुट पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया गया. डीन ने जांच कराकर कार्यवाही की बात कही है.
मेडिकल कॉलेज के छात्र गुट में हुए विवाद के बाद दोनो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है. घटना की शुरुआत मेडिकल कॉलेज के भीतर से हुई है, जहा जूनियर और सीनियर छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई.
बता दे की यह घटना यही नहीं रुकी, कॉलेज कैंपस में हुई इस घटना के बाद जब मौके पर पहुंचकर डीन छात्रों के एक गुट को समझाइश दे रहे थे तभी अस्पताल परिसर में सीनियर छात्रों की भीड़ अचानक से मौके पर पहुंची और दूसरे गुट के छात्रों पर हमला कर दिया. यहां डीन की मौजूदगी में अस्पताल परिसर में भी छात्र गुटों के बीच जमकर लात घूंसो के साथ-साथ लाठी डंडे और बेल्ट भी चले हैं. बताया जा रहा है छात्र गुटों के बीच हुई मारपीट में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हुए है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और मामले को शांत कराया.
छुट्टी जाने को लेकर विवाद हुआ: डीन
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर सुनील अग्रवाल ने बताया कि 2025 बैच के छात्रों में विवाद हुआ था, यह विवाद जीटी यानी की छुट्टी जाने को लेकर हुआ है. डीन ने कहा है कि दोनों पक्षों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच कराई जाकर कार्रवाई की जाएगी.
