ऑफिस से उड़ाए गए 7 लाख का अब तक सुराग नहीं, कर्मचारियों पर टिक गई जांच

इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में निजी कंपनी के ऑफिस से सात लाख रुपए चोरी होने के मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ है. घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो आरोपी हाथ लगे हैं और न ही चोरी की रकम का कोई ठोस सुराग मिला है. मामले में पुलिस की जांच अब कंपनी के कुछ कर्मचारियों के इर्द-गिर्द सिमट गई है. यह चोरी महालक्ष्मीनगर स्थित लोक्सो काउंटी पार्क नामक कंपनी के ऑफिस में हुई थी. कंपनी के कर्मचारी ईश्वर पंवार ने लसूड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार अज्ञात बदमाश ऑफिस में घुसा और अकाउंट विभाग की तिजोरी से सात लाख रुपए निकालकर फरार हो गया. यह रकम कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए रखी गई थी. संबंधित कंपनी रेलवे से जुड़े ठेके लेने का काम करती है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, लेकिन कैमरों में कैद व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट नहीं होने के कारण पहचान नहीं हो सकी है. इसी वजह से जांच को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है. सूत्रों के अनुसार पुलिस को इस चोरी में किसी बाहरी व्यक्ति से ज्यादा कंपनी के कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लग रही है. इसी आधार पर कुछ कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा चुकी है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है.

Next Post

एक थाने से तीन तो तीन थानों से दो-दो वाहन उड़ाए, एक ही रात में 14 वाहन हुए चोरी

Sun Feb 1 , 2026
इंदौर। नए साल में भी वाहन चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. सोमवार रात शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चोरों ने 14 गाड़ियां उड़ा लीं. एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और दावों पर सवाल […]

You May Like