सिंगरौली: बैढ़न शहर के अंबेडकर चौक में 13 जनवरी को दिनदहाड़े हुई मोबाइल झपटमारी की घटना में लिखित आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों का सुराग मिला और न ही पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीव्ही कैमरों की जांच करना जरूरी समझा। जबकि अंबेडकर चौक में सीसीटीव्ही कैमरे स्वयं पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए हैं। पीड़ित लालबहादुर शाह ने अपने आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया है कि 13 जनवरी को सुबह करीब 10:30 बजे वह प्लाजा गनियारी से अपने कमरे की ओर पैदल जा रहा था। जैसे ही वह अंबेडकर चौक में पवन की दुकान के सामने पहुंचा, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके जेब से मोबाइल फोन निकालकर गनियारी की ओर फरार हो गए।
छीना गया मोबाइल मोट्रोरोला सेट रियलमी नार्जो एन-61 बताया गया है, जिसमें सक्रिय सिम नंबर दर्ज थे। पीड़ि़त ने तत्काल शोर मचाकर पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि घटनास्थल अंबेडकर चौक बैढ़न पर सीसीटीव्ही कैमरे लगे हुए हैं, जिनके माध्यम से आरोपियों की पहचान संभव है। इसके बावजूद अब तक कैमरों की जांच नहीं की गई। इससे पीड़ि़त ही नहीं, आम नागरिकों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग पीड़ि़त का मोबाइल मिल जाए, इसकी अपील कर रहे हैं।
