दिनदहाड़े हनुमान मंदिर में चोरी आक्रोश में बागडोना व्यापारी

सारनी। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला बगडोना मुख्य मार्ग स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर का है, जहां दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर भगवान हनुमान की प्रतिमा से चांदी का तिलक सहित अन्य कीमती पूजन सामग्री चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हो गई, जिसमें चोर बिना किसी डर के चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोर सामान्य श्रद्धालु की तरह मंदिर में प्रवेश करता है और कुछ ही मिनटों में भगवान की मूर्ति से चांदी का तिलक उतारकर अन्य सामग्री समेट लेता है। इसके बाद वह आराम से मंदिर से बाहर निकल जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों में इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है और इससे आस्था पर गहरी चोट पहुंची है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि बगडोना एवं पाथाखेड़ा क्षेत्र में चोरी, अवैध गतिविधियां और असामाजिक तत्वों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन पुलिस की गश्त और निगरानी कमजोर है। पूर्व में भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। इससे अपराधियों के हौसले और अधिक बढ़ते जा रहे हैं।

व्यापारी संघ एवं सामाजिक संगठनों ने जिला बैतूल प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। उन्होंने मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो अपराधियों का आतंक और बढ़ सकता है।

Next Post

कोल इंडिया के स्तर पर कामगार संजय यादव ने जीता स्वर्ण पदक

Wed Jan 21 , 2026
सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) पाथाखेड़ा क्षेत्र के तवा-2 खान में कार्यरत कामगार संजय यादव ने कोल इंडिया स्तर पर आयोजित अंतर कंपनी सांस्कृतिक प्रतियोगिता में लोकगीत विधा में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल वेकोलि बल्कि संपूर्ण पाथाखेड़ा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ […]

You May Like