भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक को 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी सहायता देगी सरकार

नयी दिल्ली 21 जनवरी (वार्ता) सरकार ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) को 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी सहायता देने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।

सरकार ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी वित्तीय सेवा विभाग द्वारा सिडबी में तीन चरणों में निवेश की जाएगी। इसमें वित्तीय वर्ष 2025–26 में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश 31.03.2025 के बुक वैल्यू पर प्रति शेयर 568.65 रुपये किया जाएगा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026–27 और 2027–28 में क्रमशः 1,000 करोड़ रुपये, 1,000 करोड़ रुपये की राशि संबंधित पूर्ववर्ती वित्तीय वर्ष की 31 मार्च की बुक वैल्यू पर निवेश की जाएगी।

इससे 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी निवेश के बाद वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले लघु इकाइयों (एमएसएमई) की संख्या वित्तीय वर्ष 2025 के अंत में 76.26 लाख से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2028 के अंत तक 102 लाख (अर्थात लगभग 25.74 लाख नए एमएसएमई लाभार्थी जोड़े जाएंगे) होने की उम्मीद है। एमएसएमई मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट से उपलब्ध नवीनतम आंकड़ों (30.09.2025 तक) के अनुसार, 6.90 करोड़ एमएसएमई (अर्थात प्रति एमएसएमई औसतन 4.37 व्यक्तियों का रोजगार सृजन) द्वारा कुल 30.16 करोड़ लोगों को रोजगार प्रदान किया गया है। इस औसत को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2027–28 के अंत तक अनुमानित 25.74 लाख नए एमएसएमई लाभार्थियों के जुड़ने से लगभग 1.12 करोड़ नए रोजगार के सृजन का अनुमान है।

उल्लेखनीय है कि निर्देशित ऋण पर विशेष ध्यान तथा आगामी पांच वर्षों में पोर्टफोलियो में अपेक्षित वृद्धि के कारण, सिडबी की बैलेंस शीट पर जोखिम में फंसे कर्ज में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इस वृद्धि के चलते इस कर्ज के अनुपात (सीआरएआर) के समान स्तर को बनाए रखने के लिए अधिक पूंजी की आवश्यकता होगी।

 

Next Post

आने वाले समय में होगा अधिक विद्युत क्षेत्र का विस्तार : मनोहर लाल

Wed Jan 21 , 2026
नयी दिल्ली 21 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बढ़ती अर्थव्यवस्था को आज की कल्पना से कहीं अधिक एक समृद्ध विद्युत क्षेत्र की आवश्यकता है आने वाले समय में विद्युत क्षेत्र का अधिक विस्तार होने वाला है। श्री खट्टर से बुधवार को यहां विद्युत वितरण उद्योग […]

You May Like