जबलपुर: जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मानेगांव एवं आसपास के क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एम सैंड एवं गिट्टी का बिना वैध पारपत्र और क्षमता से अधिक ओवरलोड परिवहन करते हुए तीन हाईवा वाहन पकड़े गए। मौके पर ही तीनों वाहनों को जप्त कर सुरक्षार्थ थाना बरगी परिसर में खड़ा कराया गया।
थाने ले जाते समय रोकने का किया प्रयास
तहसीलदार जबलपुर रविन्द्र पटेल ने बताया कि जप्त वाहनों को बरगी थाना ले जाते समय जबलपुर–नागपुर मार्ग पर टोल नाके के पास रोहित जैन एवं उनके साथियों द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटना के संबंध में थाना प्रभारी बरगी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु अभ्यावेदन सौंपा गया है। इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव, थाना प्रभारी बरगी एवं डीएसपी हेमंत कुमार सहित संबंधित अमला उपस्थित रहा।
