अपनी सादगी से पहचाने जाते हैं संघ की पृष्ठभूमि वाले डाॅ वीरेंद्र कुमार

भोपाल, 09 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में आज कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने वाले डॉ वीरेंद्र कुमार मध्यप्रदेश के समूचे बुंदेलखंड अंचल में अपनी सादगी से पहचाने जाते हैं।

आठवीं बार के सांसद श्री कुमार इस बार अपनी परंपरागत टीकमगढ़ सीट से सांसद चुने गए हैं। वे इसके पहले राज्य की सागर संसदीय सीट से भी सांसद रह चुके हैं। इसके पहले वे पिछली नरेंद्र मोदी सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे। वे वर्ष 2019 में लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर भी रहे। लाेकसभा में भाजपा के उप सचेतक रह चुके श्री कुमार मोदी सरकार में ही महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री का भी पद संभाल चुके हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले श्री कुमार संसद की कई समितियों के अध्यक्ष और सदस्य भी रह चुके हैं।

श्री कुमार को भाजपा संगठन में भी कई पद संभालने का अनुभव रहा है। उन्होंने पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष के तौर पर इस वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने में बडी भूमिका निभाई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले श्री कुमार ने सागर जिले से अपनी राजनीति से शुरुआत की। वे पार्टी की जिला इकाई के सचिव रहने के दौरान से ही सामाजिक जीवन में लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने गौशालाओं के कुशल प्रबंधक के साथ ही अनाथाश्रमों और वृद्धाश्रमों के संचालक के तौर पर भी पहचान बनाई। इसके बाद से उन्होंने वंचित वर्ग के युवाओं और बच्चों को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के साथ ही लोगों को शाकाहार के प्रति प्रेरित करने में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाई।

वर्ष 1954 में जन्मे श्री कुमार की बाल श्रम निरोधक कार्य करने में भी विशेष रुचि रही है। उन्होंने इसी विषय में पीएचडी भी की है। उनके परिवार में पत्नी श्रीमती कमल वीरेंद्र के अलावा एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।

Next Post

स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर समेत कई नेताओं को मंत्रिमंडल में नहीं मिली जगह

Sun Jun 9 , 2024
नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार शपथ ली, लेकिन पिछली सरकार के कई अहम मंत्रियों को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। जिनमें अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी भी शामिल हैं। लोकसभा चुनाव जीतने बाद भी मोदी सरकार […]

You May Like