
भोपाल। स्वास्थ्य संस्थाओं में समय पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनीष शर्मा ने गुरुवार को शहर की कई स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बागसेवनिया सिविल डिस्पेंसरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोकता और संजीवनी क्लिनिक हबीबिया स्कूल में चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर तीनों डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिन का वेतन काटा गया है।
सीएमएचओ ने बताया कि अनुपस्थित डॉक्टरों में डॉ. स्मिता लाड, डॉ. सलोनी सिंह और डॉ. समरीन खान शामिल हैं। वेतन जारी करने से पूर्व सार्थक ऐप से उपस्थिति का मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन बार नोटिस के बाद भी सुधार न होने पर विभागीय कार्रवाई के लिए मामला वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
