शिमला में गर्मी ने तोड़ा एक दशक का रिकार्ड, ऊना में 46 डिग्री पहुंचा पारा

शिमला, 29 मई (वार्ता) हिमाचल प्रदेश की राजधानी व हिल्स स्टेशन शिमला में इस बार मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मैदानों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए शिमला की वादियों का रूख करने वाले सैलानियों को यहां भी गर्मी के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है।

शिमला में बुधवार को गर्मी ने पिछले एक दशक का रिकार्ड तोड़ दिया। शिमला का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री पर पहुंच गया है। पिछले कल यहां का तापमान 30.4 डिग्री था। यहां वर्ष 2014 के बाद पहली बार पारा 31 डिग्री पार गया है।

शिमला में सबसे अधिकतम तापमान 27 मई 2010 को रिकॉर्ड किया गया था, जो 32.4 डिग्री रहा था। बुधवार को शिमला में लू चली और दोपहर के समय यहां के विख्यात माल रोड व रिज मैदान पर्यटकों से सूने नजर आए। शाम के समय ही माल रोड और रिज मैदान पर पर्यटकों का जमावड़ा लगता है।

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में तापमान के 30 डिग्री के पार जाने पर लू के हालात माने जाते हैं। इस समर सीजन में शिमला में लोगों को घरों पर पंखों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। मॉल रोड पर कारोबारियों ने अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में एसी भी लगा लिए हैं। दोपहर के समय घरों से निकलने पर लोग खासकर महिलाएं छातों का इस्तेमाल करती नजर आ रही हैं।

राज्य के मैदानी इलाकों में इस तापमान में पूरा जन-जीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के आठ जिलों में लू चली। इनमें बिलासपुर, हमीरपुर, उना, कुल्लू, मंडी, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर जिले शामिल रहे। दोपहर को लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग जहां घरों में दुबके हुए हैं, वहीं ठंडे पानी के सहारे राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। इस भीषण गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों पर पड़ रहा है।

बुधवार को नौ शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार कर गया। उना में पारा 46 डिग्री, बिलासपुर में पारा 44 डिग्री, सिरमौर के धौलाकूआं में 43.2 डिग्री, हमीरपुर में 43.6 डिग्री, बरठीं में 42.4 डिग्री, मंडी में 42.2 डिग्री, कांगड़ा में 41.6 डिग्री, सुंदरनगर में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हमीरपुर के नेरी में भी पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा। मैदानों के साथ’-साथ पहाड़ी इलाकों के लोगों को भी इस बार तीखी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शिमला के अलावा कुफरी, डल्हौजी, केलांग जैसे ठंडे स्थलों पर भी गर्मी महसूस की जा रही है। कुफरी में अधिकतम तापमान 25.8, नारकंडा में 25.4, केलांग में 19.9, डल्हौजी में 28.2, धर्मशाला में 37.7, कसौली में 34.4 और मशोबरा में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 30 मई से तीन जून तक राज्य के मध्यवर्ती व पहाड़ी इलाकों में बारिश व बर्फबारी होने के आसार बने हुए हैं। लेकिन मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा और गर्मी से खास निजात नहीं मिलेगी। हालांकि चार जून को मैदानों समेत पूरे प्रदेश में बादलों के बरसने के आसार हैं।

विभाग ने 31 मई, पहली जून और दो जून को मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

Next Post

कांग्रेस और बीजद के शासन काल में ओडिशा को लूटने वालों को भेजा जायेगा जेल: मोदी

Wed May 29 , 2024
बारीपदा/रेमुना/केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 29 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि ओडिशा में कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) शासन के दौरान हुए सभी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की जायेगी और राज्य को लूटने वालों को जेल भेजा जायेगा, यह ‘मोदी की गारंटी’ है।श्री मोदी ने ओडिशा […]

You May Like