जबलपुर: गणेश उत्सव, ईद मिलादुन्नवी और आने वाले त्यौहारों के मद्देनजर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की मौजूदगी में संपन्न हुई बैठक में त्यौहारों को देखते हुये साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात एवं सुरक्षा के मुद्दों पर विस्तार पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
बैठक में कहा गया कि गणेश उत्सव और ईद मिलादुन्नवी के त्यौहार सिर्फ हिन्दू और मुस्लिम समाज के नहीं बल्कि सभी धर्मों और समुदाय के हैं। संस्कारधानी की गौरवशाली परंपरा के अनुसार इन त्यौहारों को शांति, सद्भाव और उत्साह से मनाया जाएगा। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ आवारा पशुओं को हांका गैंग लगाकर मुख्य मार्गों से हटाने का सुझाव भी सदस्यों ने दिया। बैठक में कहा गया कि इस बार ईद मिलादुन्नबी 5 सितम्बर तथा अनंत चर्तुदशी 6 सितम्बर को है।
अत: जुलूस मार्ग पर किसी तरह का व्यवधान न पैदा कर सके इसके लिये समुचित बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाये।बैठक में प्रशासन से आग्रह किया गया कि विगत वर्षों के दौरान की गई व्यवस्थाओं की तरह ही इस बार भी पर्वों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाये। बैठक में कलेक्टर ने गणेश उत्सव और ईद मिलादुन्नवी पर सभी जरूरी प्रशासनिक व्यवस्थायें करने का आश्वासन शांति समिति के सदस्यों को दिया। उन्होंने शांति समिति के बैठक में कहा कि त्यौहार सभी के लिए होते हैं। समिति के सदस्यों को त्यौहारों को लेकर इस तरह का माहौल बनाने का प्रयास करें कि समाज के सभी वर्ग और धर्म के लोग इनमें परिवार के साथ शामिल हो। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने शांति समिति के सदस्यों को त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के समुचित इंतजामों का भरोसा दिया।
