मोदी और भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए देश में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया-राहुल

जोधपुर, (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश में इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए सबसे बड़ा भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इलेक्टोरल बॉन्ड योजना के नाम पर एक अंतरराष्ट्रीय वसूली रैकेट चलाया जा रहा था।

श्री राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान गुरुवार को जोधपुर के फलौदी में पार्टी उम्मीदवार करण सिंह उचियारड़ा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए मोदी और भाजपा ने देश में सबसे बड़े भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने यह योजना बनाई थी कि इसमें पैसा देने वाले का नाम नहीं बताया जाएगा।
उच्चत्तम न्यायालय ने इस योजना को गैरकानूनी करार दिया है।
न्यायालय के फैसले के बाद सामने आया कि योजना में दो तरीके से वसूली की जा रही थी।
उद्योगपति को सरकारी कॉन्ट्रैक्ट मिलता है, फिर वो करोड़ों रुपये का चंदा कमीशन के तौर पर भाजपा को दे देता है।
उद्योगपतियों पर ईडी-सीबीआई का केस लगाया जाता है।
फिर इन उद्योगपतियों से जैसे ही भाजपा को चंदा मिलता है, वो केस गायब हो जाता है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री मोदी ने भ्रष्टाचार का एकाधिकार स्थापित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी चरम पर है और देश में ऐसे हालात हैं कि आईआईटी ग्रेजुएट भी बेरोजगार हैं।
ऐसा देश में पहली बार हुआ है।
उन्होंने कहा कि अडानी के शेयर की कीमत साल 2014 के बाद से लगातार बढ़ती जा रही है।
क्योंकि देश को मालूम है कि हमारे प्रधानमंत्री और अडानी का रिश्ता बहुत अच्छा है।
श्री मोदी ने चुनिंदा लोगों को देश का सारा धन दे दिया है।
हर जगह अडानी का नाम ही दिखाई देता है।

श्री राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार रोजगार ठेकेदारी प्रथा से देती है।
कांग्रेस पब्लिक सेक्टर और सरकारी नौकरियों में ठेका प्रथा खत्म करेगी।
पब्लिक सेक्टर यूनिट और सरकार में लोगों को स्थाई नौकरियां दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले दस साल में प्रधानमंत्री ने अलग-अलग वादे किए लेकिन 15 लाख रुपये बैंक खातों में डालने के बजाए निकाल लिए गए।
नोटबंदी एवं गलत जीएसटी लागू की गई।
श्री मोदी ने किसानों, मजदूरों, छात्रों का कर्ज माफ नहीं किया लेकिन अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ कर दिया।

इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र में दी गई गारंटियों को भी गिनाया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी एवं जोधपुर से पार्टी उम्मीदवार श्री उचियारड़ा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थ।

Next Post

भगवान राम के जन्म का प्रमाण मांगने वाली पार्टी है कांग्रेस: डॉ.मोहन

Fri Apr 12 , 2024
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सीधी संसदीय क्षेत्र के चुरहट एवं ब्यौहारी विधानसभा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कांग्रेस पर भगवान राम को लेकर प्रश्न खड़ा करने का लगाया आरोप सीधी : प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आज सीधी संसदीय क्षेत्र के चुरहट एवं ब्यौहारी विधानसभा में चुनावी […]

You May Like