नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर तीखा हमला बोला।
यहां मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि कार्तिगई दीपम विवाद केवल इसलिए खड़ा किया गया है क्योंकि मुख्यमंत्री “सनातन परंपराओं और हिंदू समुदाय से नफरत करते हैं।”
उन्होंने यह बयान उच्चतम न्यायालय के शुक्रवार को दिए गए उस निर्देश के बाद दिया, जिसमें कहा गया है कि कल (शनिवार को) तिरुप्परनकुंद्रम स्थित ‘दीपथून’ (दीप स्तंभ) पर पारंपरिक दीप उची पिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित ज्योति से या किसी अन्य व्यवस्था से जलाया जाए। श्री भाटिया ने कहा, “यह नफरत इतनी गहरी है कि जिस मुख्यमंत्री ने संविधान की भावना की रक्षा और संरक्षण की शपथ ली है, उसने प्रथम दृष्टया जानबूझकर इसका उल्लंघन करने का निर्णय लिया है।”
उच्च्तम न्यायालय ने वहां दीप जलाने के अपने 20 नवंबर के आदेश की कथित तौर पर जानबूझकर अवहेलना करने को लेकर तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार भी लगाई। उल्लेखनीय है कि कार्तिगई दीपम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ के बजाय उची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में ही जलाया गया था, जबकि उच्चतम न्यायालय ने पहले पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीप जलाने का निर्देश दिया था।
दूसरी ओर, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार के उच्चतम न्यायालय के निर्देश को “भगवान मुरुगन के प्रत्येक भक्त की ऐतिहासिक जीत” करार दिया।
श्री नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “कल तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने का आदेश देकर और अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम करने के लिए तमिलनाडु के अधिकारियों को फटकार लगाकर माननीय उच्चतम न्यायालय ने ‘इंडी’ गठबंधन सरकार की सनातन-विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है।”
