भोपाल । मध्यप्रदेश भाजपा ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं को लेकर अपनी रणनीति पर मंथन किया। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा की एक रिक्त सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम, प्रदेशव्यापी अभियान, भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने पर होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मीडिया के सामने प्रमुख बिंदु रखे।
राज्यसभा के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा पैनल
बैठक में राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए चार से पांच संभावित नामों पर विचार किया गया। इनमें प्रदेश और प्रदेश के बाहर के नाम भी शामिल हैं। हेमंत खण्डेलवाल के मुताबिक, संभावित उम्मीदवारों का पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनी है। अंतिम चयन केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में होंगी रैलियां
भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित करने की तैयारी में है। पार्टी ने इन कार्यक्रमों में करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी अभियान से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
केंद्र की योजनाओं के लिए समन्वय व्यवस्था
बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मध्यप्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में विभिन्न विभागों के मंत्रियों के नेतृत्व में टीम गठित करने की योजना है। इसके अलावा केंद्र के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक सांसद को जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, ताकि राज्य के मंत्री, सांसद और अधिकारी बेहतर तालमेल के साथ योजनाओं को लागू कर सकें।
खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा ने जताई आपत्ति
कोर कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। भाजपा की ओर से बयान को अशोभनीय और अपमानजनक बताते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
UCC और सरकार के तीन साल के कार्यक्रमों पर भी मंथन
बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) के पारित होने के विषय पर चर्चा की गई। साथ ही 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर विचार हुआ।
राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न विभागों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कामकाज को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ. बैठक में इन सभी विषयों पर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
