सतना। राष्ट्रीय बाल विज्ञान सम्मेलन का जिला स्तरीय आयोजन आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट क्रमांक 1, सतना में आयोजित किया जाएगा।
जिला समन्वयक डॉ. रामानुज पाठक, सतना ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है। इसी कड़ी में डॉ पाठक ने जानकारी दी कि जिला स्तरीय आयोजन के माध्यम से कुल पांच परियोजनाएं राज्य स्तरीय आयोजन हेतु चयनित की जाएंगी।दो जूनियर वर्ग से और तीन सीनियर वर्ग से चयनित प्रतिभागियों को अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं और अनुसंधानपरक विचारों को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और भविष्य के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा नवाचारकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।
