
रीवा, शहर के विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने गुरूवार की शाम कीट नाशक का सेवन कर लिया. हालत गंभीर होने पर उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहा आईसीयू वार्ड में उपचार चल रहा है. प्रथम दृष्टया यह कदम उठाने के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है. अभी कुछ दिन पहले तबियत खराब होने पर निजी अस्पताल में उपचार कराया गया था.
विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ आरक्षक पियूष मिश्रा ने गुरूवार की शाम कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया. जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन घर के लोग संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहा आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है. पुलिस लाइन कालोनी के शासकीय आवास में पियूष अपने परिवार के साथ रहते है. शाम को बच्चे के साथ खेल रहे थे और उसी समय कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया. चक्कर आने और उल्टी होने पर घर के लोग शाम 6 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे. इधर विभाग को सूचना मिलने पर सीएसपी सहित विश्वविद्यालय थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे. फिलहाल आरक्षक का उपचार चल रहा है.
