डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ, मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई पद और गोपनीयता की ओथ

देहरादून,  उत्तराखंड के नए मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार सुबह 11:00 बजे देहरादून के लोकभवन प्रांगण में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली। नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले रविवार शाम को ही देहरादून पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था। लोकभवन पहुंचने पर राज्यपाल का सचिव रविनाथ रामन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद आज उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना नया कार्यभार संभाल लिया है।

राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन का लंबा सफर, पेशे से डॉक्टर और किसान बिसेन ने तय किया विधायक से राज्यपाल तक का मुकाम

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में जन्मे डॉ. ढाल सिंह बिसेन का राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन बेहद संघर्षशील और उपलब्धियों से भरा रहा है। पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के डॉक्टर और एक कृषक रहे बिसेन मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए। वे वर्ष 2003 से 2005 तक राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री रहने के साथ-साथ मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष और वर्ष 2019 से 2024 तक बालाघाट से लोकसभा सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी के इस वरिष्ठ नेता का लंबा प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव अब उत्तराखंड राज्य के संवैधानिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का कार्यकाल हुआ पूरा, उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का बना था रिकॉर्ड

डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति के साथ ही उत्तराखंड के राजभवन (अब लोकभवन) में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इससे पहले इस पद पर रहे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड के इतिहास में सबसे लंबे समय तक राज्यपाल बने रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने सुदर्शन अग्रवाल के 19 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 6 जुलाई 2026 को अपने कार्यकाल के 1,755 दिन पूरे किए थे। अब उनके कार्यकाल के पूर्ण होने के बाद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को प्रदेश के नए राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे राज्य के राजनीतिक गलियारों में उत्साह का माहौल है।

Next Post

कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Mon Oct 19 , 2026
सिरोही, राजस्थान के सिरोही जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रदेश के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग तथा आरजू बिश्नोई के नाम से जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। 11 अक्टूबर को उनके फोन पर लगातार […]

You May Like