पंचायत चुनाव देश में अराजकता फैलाने वालों को जवाब देने का अवसर- शेखावत

जोधपुर, 18 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पंचायती राज चुनाव को केवल गांवों के विकास और स्थानीय प्रतिनिधियों के चयन तक सीमित नहीं बताते हुए इसे देश में कथित तौर पर अराजकता फैलाने वाली ताकतों को जवाब देने का अवसर बताया हैं।

श्री शेखावत ने रविवार को पंचायत चुनाव में चुनावी सभाओं में यह बात कही। उन्होंने विपक्षी दलों पर युवाओं की भावनाएं भड़काने, संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने और चुनावी हार के लिए निर्वाचन प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया।

उन्होंने वामपंथी संगठनों और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि युवाओं की भावनाओं को भड़काकर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में देशविरोधी नारे लगाए जाने से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का अधिकार है, लेकिन देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने विपक्षी दलों के राजनीतिक गठबंधनों पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वामपंथी दलों की एकजुटता पर भी सवाल उठाए। श्री शेखावत ने कहा कि जनता को यह तय करना है कि वह विकास और स्थिरता की राजनीति का समर्थन करती है या ऐसे राजनीतिक प्रयासों का, जिनसे समाज में विभाजन बढ़ता है।

श्री शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के लिए निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक कई राज्यों में चुनावी सफलता नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और राजनीतिक दलों को अपनी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाने से जनता के मन में भ्रम पैदा होता है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक हताशा से जोड़ते हुए कहा कि जनता ऐसे प्रयासों का जवाब चुनाव के माध्यम से देगी।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के दौरान देश की जनता ने सेना और सुरक्षा बलों का समर्थन किया, जबकि विपक्षी नेताओं के बयानों से राजनीतिक विवाद पैदा हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने का दावा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में देश को एकजुट रहना चाहिए।

श्री शेखावत ने कहा कि पंचायती राज चुनाव भले ही स्थानीय प्रतिनिधियों के चयन से जुड़े हों, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इनके परिणाम व्यापक संदेश देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि इन चुनावों में जीत विकास की राजनीति को मजबूती देगी।

 

Next Post

गरबे के रंग में रंगा भोपाल… प्रतिभागियों ने माहौल को बताया शानदार

Sun Oct 18 , 2026
भोपाल: सयाजी होटल में आयोजित रेडियो मिर्ची के रॉक एन ढोल गरबा महोत्सव का रविवार को तीसरा और आखिरी दिन रहा। तीन दिवसीय महोत्सव में प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में गरबा किया और शानदार गानों पर जमकर थिरके। प्रतिभागियों ने महोत्सव के माहौल, संगीत और व्यवस्थाओं की तारीफ की। […]

You May Like