ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों से मारपीट, जूडा ने 48 घंटे में गिरफ्तारी का दिया अल्टीमेटम

ग्वालियर: जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मरीज के इलाज के दौरान विवाद हो गया। एक्सीडेंट में घायल मरीज के परिजन और उनके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात दो जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट कर दी। घटना में डॉक्टर सुभद्र और डॉक्टर मोहित घायल हुए हैं। आरोप है कि हमलावर मारपीट के बाद अपने मरीज को भी साथ लेकर वहां से भाग गए। घटना से नाराज जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। जूडा ने चेतावनी दी है कि तय समय में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन करेंगे।

जूडा अध्यक्ष धुआंराम गुर्जर के मुताबिक सड़क हादसे में घायल अनूप गुर्जर को परिजन ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। कैजुअल्टी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुभद्र और डॉक्टर मोहित मरीज का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मरीज के अटेंडेंट्स डॉक्टरों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। शुरुआती कहासुनी के बाद अटेंडेंट्स ट्रॉमा सेंटर से बाहर चले गए। कुछ देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और दोनों जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट कर दी। जूडा के अनुसार, जब तक अस्पताल का अन्य स्टाफ और साथी डॉक्टर मौके पर पहुंचते, हमलावर मरीज अनूप गुर्जर को लेकर वहां से निकल गए।
जूडा ने पुलिस से की शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जूडा ने कंपू थाना पुलिस, सीएसपी रोबिन जैन, जेएएच अधीक्षक और जीआरएमसी डीन को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठे हैं।

Next Post

फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई में काटी फरारी, शमीम कबाड़ी गिरफ्तार

Thu Oct 15 , 2026
जबलपुर : अधारताल पुलिस ने शमीम कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। सीएसपी राजेश्वरी कौरव के मुताबिक आरोपी ने फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई में फरारी काटी थी। इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ चल रही है।विदित हो कि 25 अप्रैल 2024 को खजरी स्थित स्क्रैप […]

You May Like

Play sound