नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई विमान से जुड़ी घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और मुश्किल हालात में दिखाई गई हिम्मत की सराहना की।
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान में हुई घटना और उस दौरान सामने आई परिस्थितियों के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
*परिवार से भी हुई थी पीएम मोदी की बात*
इससे पहले प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से भी बातचीत की थी। बताया गया कि पीएम मोदी ने उनकी पत्नी और माता-पिता से बात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
प्रधानमंत्री ने घटना के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी कैप्टन मच्छार की हिम्मत की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए साहस और दृढ़ता दिखाई।
*विमान में क्या हुआ था?*
बताया गया है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया। हमले में पायलट घायल हो गए, लेकिन उन्होंने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना के दौरान यात्रियों और क्रू ने भी हमलावर को काबू करने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। कैप्टन स्मित मच्छार को इलाज के लिए तबूक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
