
सिंगरौली । कलेक्ट्रोरेट के ठीक सामने, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज कुछ दूरी पर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में चोरों ने करीब 40 दुकानों को निशाना बनाते हुये 4 लाख रूपये कीमत के सामग्री पार कर गये। बताया जाता है कि अज्ञात चोरों ने दुकानों में लगे एयर कंडीशनरों की इंडोर और आउटडोर यूनिट को जोड़ने वाली कीमती कॉपर पाइप काटकर ले गए। वारदात के बाद मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार चोरों ने मंडी परिसर की कई दुकानों को निशाना बनाया। एयर कंडीशनरों की कॉपर पाइप काटने के साथ अन्य सामानो में कम्प्रेसर गैस, कॉपर केबल को भी नुकसान पहुंचाया गया। खास बात यह है कि चोरी के लिए चोरों को कई स्थानों पर पाइप काटने और सामान निकालने में पर्याप्त समय लगा होगा। इसके बावजूद पुलिस की नियमित गश्त के दौरान किसी तरह की भनक नहीं लगना अपने आप में बड़ा सवाल है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि वारदात जिला पुलिस के सबसे महत्वपूर्ण कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई। यहां बताते चले कि कोतवाली क्षेत्र बैढ़न में पिछले तीन वर्षो से कबाड़ चोरों का आतंक है। अम्बेडकर चौक व्यावसायिक प्लाजा की एक सैकड़ा से अधिक दुकान के शटरों को पार कर दिया। कोतवाली पुलिस अनजान बनी रही। जबकि थाना से प्लाजा की दूरी महज 300 मीटर है। इसी तरह अन्य कई स्थानों में कबाड़ चोर गिरोह सक्रिय है। कोतवाली प्रभारी पिछले एक पखवाड़े के अधिक समय से अवकाश पर हैं। हालांकि उनका डीएसपी के पद पर प्रमोशन हो चुका है। कुल मिलाकर कोतवाली निरीक्षक विहीन है। ऐसे में टू-आईसी के बातों को अन्य पुलिस कर्मी कितना तरजीह देते होंगे, यह महज अंदाजा लगाया जा सकता है। कोतवाली में कुछ ऐसे पुलिस कर्मी हैं, तो अपने आप को सर्वोपरि मानते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
इन दुकानों में चोरों ने बोला धाबा
कृषि उपजमंडी के दुकानों में मुख्य रूप से उत्तम ऑनलाइन, प्रकाश एसोशिएट, गौतम इन्टरप्राइजेज, ओमप्रकाश, शारदा ऑनलाइन, कृष्णा ऑनलाइन, योगेश कुमार शुक्ला, अख्तर ऑनलाइन, रामप्रकाश, रवि, आसुतोष ऑनलाइन, ंसंदीप शाह, भरत ऑनलाइन, प्रणव ऑनलाइन, ओम ऑनलाइन, रूद्र ऑनलाइन, शक्ति मेडिकल स्टोर, अब्दुल हमीद, निरज किराना स्टोर, अब्दुल अकीम, राजेश्वरी प्रसाद दुबे, सीए अभिमन्यू समेत अन्य दुकानों के एयर कंडीशनर का कॉपर गैस पाइप, कम्प्रेसर गैस व अन्य चोरो ने पार किया है। दुकानदारों में इस मामले को लेकर भारी नाराजगी है।
पुलिस के साथ मंडी सचिव से शिकायत
कलेक्ट्रोरेट के सामने कृषि उपजमंडी परिसर में स्वत्व एवं किराए पर दुकाने लेकर यहां कारोबारी अपना व्यवसाय कर रहे हैं। दो रात में अज्ञात चोरों ने दुकानों में धाबा बोलते हुये एसी की सामग्री को पार कर गये। दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस के गस्त पर सवाल खड़ा करते हुये कृषि उपजमंडी के समिति सिंगरौली के सचिव से भी लिखित शिकायत की है और कहा है कि यहां सुरक्षा व्यवस्था की जाए और चोरों का भी पतासाजी कराकर कार्रवाई की जाए।
