
इंदौर. पत्नी और दो बेटियों को छोड़कर करीब डेढ़ साल से दूसरी महिला के साथ रह रहे पति ने पत्नी के विरोध करने पर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म करने की बात कही. इतना ही नहीं, आरोपी ने पत्नी को तीन तलाक का सूचना पत्र भी भेज दिया. परेशान महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.
ताज नगर में रहने वाली अमरीन की शिकायत पर उसके पति मोहम्मद इमरान पिता इकबाल खान के खिलाफ तीन तलाक और मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है. इमरान करीब डेढ़ साल से दूसरी महिला के साथ रह रहा था. इस दौरान वह पत्नी को परेशान भी करता था. 22 जुलाई को इमरान घर आया था, इस दौरान अमरीन ने उससे कहा कि यदि वह दूसरी महिला के साथ रह रहा है तो अपनी दोनों बेटियों को भी साथ रखे और उनका खर्च उठाए. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इमरान ने अमरीन के साथ मारपीट की और बाद में उसे तीन तलाक देकर घर से चला गया.
परिजनों ने समझाया तो भी साथ रखने से किया इनकार…
घटना के बाद अमरीन के परिजनों ने इमरान को समझाने का प्रयास किया. इस पर उसने कहा कि वह अमरीन को तीन तलाक दे चुका है और अब उसके साथ नहीं रह सकता, इसके बाद उसने अमरीन को तीन तलाक का सूचना पत्र भी भेज दिया. पति के इस रवैये से परेशान अमरीन परिजनों के साथ खजराना थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई.
आगे जांच जारी
मामले में थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है, मामले में आगे की जांच की जा रही है.
