
पांढुरना, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जघन्य एवं चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने जिले में दर्ज जघन्य एवं चिन्हित अपराधों से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अभियोजन साक्ष्य, गवाहों की स्थिति, न्यायालय में चल रही कार्यवाही तथा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की संभावनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं चिन्हित अपराधों के मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने आवश्यक साक्ष्य एवं दस्तावेज समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने और अभियोजन कार्यवाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
गवाहों की उपस्थिति और समन-वारंट की तामीली पर विशेष जोर 000
समीक्षा के दौरान पांढुरना न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकरणों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, समन एवं वारंट की तामीली तथा अभियोजन साक्ष्य की कार्यवाही को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
दोषसिद्धि और दोषमुक्ति वाले प्रकरणों की भी समीक्षा 000
बैठक में चिन्हित प्रकरणों में दोषसिद्धि एवं दोषमुक्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। वर्ष 2025-26 में चिन्हित जघन्य एवं गंभीर अपराधों के प्रकरणों में हुई दोषसिद्धि एवं दोषमुक्ति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने दोषमुक्ति वाले प्रकरणों में कारणों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार अपील एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की स्थिति की जानकारी भी ली।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर,एसडीओपी पुलिस ब्रजेश भार्गव,अतिरिक्त लोक अभियोजक पांढुरना तथा संबंधित थाना एवं अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।
