नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को भी चीनी की कीमतों में तेजी का क्रम जारी रहा। चीन के साथ खाद्य तेलों और गेहूं के भाव भी चढ़ गये जबकि चावल में नरमी का रुख देखा गया। दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा।
मीठे के बाजार में चीनी की कीमत लगातार चौथे दिन बढ़ी है। चार दिन में यह 600 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गयी है। आज इसका औसत भाव 228 रुपये बढ़कर 5,381 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गुड़ का औसत भाव 110 रुपये बढ़ा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 35 रुपये टूटकर 4,072 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं आठ रुपये महंगा हुआ और 2,836 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत लगभग अपरिवर्तित रही।
दाल-दलहनों में चना दाल की औसत कीमत 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वहीं, उड़द दाल 31 रुपये और तुअर दाल 10 रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल में छह रुपये प्रति क्विंटल की नरमी रही। मूंग दाल की कीमत कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा 59 रिंगिट चढ़कर 5,020 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.10 प्रतिशत चढ़कर 71.39 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजार में मूंगफली तेल औसतन 85 रुपये और पाम ऑयल 78 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सरसों तेल 49 रुपये और सूरजमुखी तेल 15 रुपये मजबूत हुआ। सोया तेल में छह रुपये और वनस्पति में चार रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही।
