सतना: मैहर जिले के गिरगिटा स्थित शासकीय जूनियर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास से लापता हुए तीन छात्र 20 घंटे बाद अमरपाटन कस्बे के पास एक गांव में मिले। छात्र गुरुवार रात करीब 10 बजे छात्रावास से गायब हो गए थे।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रावास के अधीक्षक ने किसी बात को लेकर छात्रों को फटकार लगाई थी, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। बताया गया है कि तीनों छात्रों में से एक छात्र अन्य दो को लेकर छात्रावास से निकला था और उन्हें अपने रिश्तेदारी में ले गया था।
बच्चों के लापता होने की सूचना मिलने पर परिजन मैहर थाने पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से छात्रों की अंकसूची और फोटो मांगे। परिजन जब दस्तावेज लेने गांव गए, उसी दौरान छात्रों के खरवाही में सकुशल होने की जानकारी भी मिल गई।
इस संबंध में छात्रावास के अधीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
