छत्रसाल स्टेडियम काम्प्लेक्स की दुकानों का गिरा छज्जा

सीधी। शहर के छत्रसाल स्टेडियम काम्प्लेक्स की दुकानों का छज्जा दरम्यानी रात बारिश के दौरान भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि देर रात सभी दुकानें बंद थी। यदि दिन का समय होता तो कई घरों के चिराग बुझ सकते थे। यह हादसा छत्रसाल स्टेडियम के सामने बनी दुकानों में रात करीब एक बजे हुआ। वार्ड क्रमांक 5 में स्थित काम्प्लेक्स की चार दुकानों के सामने का कंक्रीट छज्जा के नीचे गिरने के साथ ही दुकानों की होर्डिंग्स भी नीचे बिखर गई। आज सुबह दुकानों का मलवा देखकर वहां से गुजर रहे लोगों के साथ दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जब बाजार पूरी तरह बंद था और वहां लोगों की आवाजाही नहीं थी। यदि यही छज्जा दिन के समय गिरता, तो दुकानों पर मौजूद व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी तथा बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था। नगर पालिका द्वारा सुबह ही दुकानों के सामने गिरे मलवे को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया। नगर पालिका सीधी द्वारा इन दुकानों का निर्माण करीब ढ़ाई दशक पूर्व कराया गया था। मेंटीनेंस के अभाव में दुकानों के छत की हालत काफी जर्जर हालत में है।

नपा अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त भवन का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया गया है, ताकि भवन के शेष हिस्से से किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न होने पर जनहानि न हो।घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि अब भी शहर के अन्य जर्जर भवनों, छज्जों और सरकारी परिसरों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

इनका कहना है-

 

उन्हें पदभार ग्रहण किए लगभग एक माह हुआ है। इस दौरान शहर का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और प्राप्त शिकायतों का निराकरण भी कराया जा रहा है। नगर क्षेत्र के जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद सूची के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

महमूद हसन

सीएमओ नगर पालिका परिषद सीधी

Next Post

सिलेंडर लोड मिनी ट्रक के नीचे आये बाइक चालक की मौत

Tue Jul 21 , 2026
सीधी । शहर के जिला अस्पताल के सामने सिलेंडर लोड मिनी ट्रक के नीचे आये एक बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें नजर आ रहा है कि शउसकी बाइक पहले सड़क किनारे खड़ी गाय से टकराई। इसके […]

You May Like