सीहोर। कोतवाली पुलिस ने दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुजारी को गिरफ्तार कर करीब 8 लाख रुपए का चोरी गया सोने-चांदी का सामान बरामद किया है. आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान योजनाबद्ध पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल की.गत 10 जुलाई को फरियादी अजय कुमार जैन ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर में पिछले तीन वर्षों से पूजा-अर्चना के लिए नियुक्त पुजारी कपिल जैन द्वारा मंदिर से सोने का छत्र, चांदी की थाली, हाथी एवं दीपक चोरी कर लिए गए हैं. पुलिस ने पुजारी कपिल से पूछताछ की. लेकिन वह चोरी से इंकार करता रहा, रिमांड के दौरान योजनाबद्ध एवं गहन पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया. आरोपी कपिल जैन के कब्जे से एक सोने का छत्र, एक सोने का दीपक तथा एक चांदी की थाली बरामद की गई. बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपए आंकी गई है.
