ट्रंप ने होर्मुज शुल्क योजना वापस ली, केवल ईरानी जहाजों तक सीमित नाकेबंदी की घोषणा की

वॉशिंगटन, 15 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की अपनी योजना वापस ले ली है।

श्री ट्रंप ने कहा कि खाड़ी देश इसके बदले अमेरिका के साथ बड़े निवेश और व्यापार समझौतों पर आगे बढ़ने के लिए सहमत हो गये हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति का यह यू-टर्न उनके उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने ट्रुथ सोशल पर घोषणा की थी कि अमेरिका इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर 20 प्रतिशत ‘प्रतिपूर्ति शुल्क’ लगायेगा। इस जलमार्ग से दुनिया की लगभग पांचवें हिस्से की तेल आपूर्ति होती है।

उन्होंने अपने नये ट्रुथ सोशल पोस्ट में कहा कि इस शुल्क की जगह खाड़ी देशों से निवेश की प्रतिबद्धताओं को शामिल किया जायेगा, जबकि अमेरिका केवल ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले या ईरानी माल ले जाने वाले जहाजों पर ‘पूर्ण नाकेबंदी’ लागू करेगा।

श्री ट्रंप ने लिखा, “पश्चिम एशिया के नेतृत्व के साथ बेहद उपयोगी बातचीत के आधार पर, मैंने 20 प्रतिशत के अमेरिकी प्रतिपूर्ति शुल्क को उन व्यापार और निवेश समझौतों से बदलने का फैसला किया है, जो विभिन्न खाड़ी देश अमेरिका में करेंगे। वे निवेश बहुत बड़े होंगे, लेकिन साथ ही, उनके और उनके भविष्य के लिए भी असाधारण रूप से अच्छे रहेंगे।”

श्री ट्रंप ने कहा कि कई देशों के नेताओं ने उनसे अमेरिका में सीधे निवेश के बदले इस प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा “मुझे अलग-अलग लोगों, अलग-अलग देशों, राजाओं, अमीरों ने फोन किया… और उन्होंने कहा कि शुल्क वसूलने के बजाय वे अमेरिका में अरबों डॉलर का निवेश करना पसंद करेंगे। मुझे नहीं लगता कि किसी को भी इस जलडमरूमध्य या किसी अन्य जलडमरूमध्य के लिए शुल्क वसूलने का अधिकार होना चाहिए।… हम इसे एक प्रतिपूर्ति के रूप में कर रहे थे। खाड़ी देश अमेरिका में बहुत बड़ी मात्रा में धन निवेश करने जा रहे हैं और यह मेरे लिए बेहद संतोषजनक है। मुझे लगता है कि यह वास्तव में बहुत बेहतर है।”

श्री ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि अमेरिका ईरान के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए अधिकतर अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से बेरोकटोक आवाजाही जारी रखेगा।

श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “अमेरिकी सेना की अद्भुत ताकत के सौजन्य से तेल का प्रवाह इस तरह हो रहा है जैसा पहले कभी नहीं हुआ।” उन्होंने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान को छोड़कर अन्य सभी जहाजों के आवागमन के लिए खुला है।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका “पूर्ण नाकेबंदी लागू करेगा, लेकिन केवल उन जहाजों पर, जो ईरानी बंदरगाहों से आ रहे हैं या वहां जा रहे हैं, या ईरानी माल से संबंधित कुछ भी ले जा रहे हैं।”

श्री ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अपने पुराने रुख को भी दोहराया और लिखा, “ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा।”

फारस की खाड़ी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने वाले इस संकरे जलमार्ग से वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री संकरे मार्गों में से एक बना हुआ है।

 

 

Next Post

सात हजार करोड़ का बजट, फिर भी स्कूलों में शिक्षक नहीं

Wed Jul 15 , 2026
जबलपुर। मप्र की सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर कैग की रिपोर्ट ने ऐसे सवाल खड़े किए हैं, जिनका जवाब अब सरकार को हाईकोर्ट में देना होगा। एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया व जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने 2025 की नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) रिपोर्ट के आधार पर दायर इंदौर […]

You May Like