
सारनी। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी प्रभारी जयपाल इवनाती पुलिस टीम ने शहर का माहौल खराब करने वाले तीन आदतन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
सारनी पुलिस के अनुसार शोभापुर निवासी कोमल बरकड़े की शिकायत पर 13-14 मार्च 2026 की रात आरोपी अभिजीत बारस्कर अपने साथियों के साथ प्रार्थी के घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट एवं तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने तलवार और डंडों से हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया तथा लगभग 40 से 50 हजार रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में थाना सारनी में विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से फरार चल रहे करन उर्फ भोला भारती, विक्रम कुमरे और आशीष उर्फ कच्ची बिन्झाड़े को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
