अनुच्छेद 370 को हटाने से जम्मू-कश्मीर के लोगों को मिली असली आज़ादी: नवीन

जम्मू 06 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने से जम्मू-कश्मीर के लोगों को असली आज़ादी मिली और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा हुआ हुआ है।

दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे श्री नवीन ने जम्मू के बाहरी इलाके मिश्रीवाला में मैजेस्टिक ग्रैंड में डॉ.मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लीडरशिप में भारत लगातार तरक्की कर रहा है और जम्मू-कश्मीर भी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि यह इलाका देश के विकासशील इलाकों में सबसे आगे उभर रहा है।

इससे पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डा पर श्री नवीन का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी प्रदेश प्रभारी तरुण चुघ समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। श्री नवीन हवाई अड्डा से यहां के बाहरी क्षेत्र मिश्रीवाला पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा, “हमें इस बात की विशेष खुशी है कि जब हम डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहे हैं, तो उनके जन्मस्थान पश्चिम बंगाल में भारत का तिरंगा और भाजपा का केसरिया झंडा गर्व से लहरा रहा है।” उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में आये बदलावों का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब लोग श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने से डरते थे। उन्होंने कहा, “किसी में ऐसा करने की हिम्मत नहीं थी, लेकिन 2014 में श्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अब लाल चौक पर गर्व से तिरंगा लहराता है। यही बदलाव आया है।”

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने ‘एक संविधान, एक प्रधानमंत्री और एक झंडा’ वाले देश का सपना देखा था और श्री मोदी ने उस सपने को पूरा किया है। उन्होंने कहा, “मैं युवाओं से जम्मू-कश्मीर की धरती की रक्षा करने और डॉ. मुखर्जी के सपने को पूरा करने का आग्रह करने आया हूं।” उन्होंने कहा कि युवाओं को उनसे सीखना चाहिए और जीवन भर उन्होंने जो संघर्ष किए, उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “अगर किसी ने बंगाल की रक्षा के लिए काम किया, तो वे हमारे नेता डॉ. मुखर्जी थे। वरना, कांग्रेस पश्चिम बंगाल को बंगलादेश का हिस्सा बनने देती।” कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में भाजपा सत्ता में नहीं आती, तो जम्मू-कश्मीर के युवा आज भी रणजी ट्रॉफी जीतकर इलाके का नाम रोशन करने के बजाय पत्थरबाजी के लिए ही जाने जाते।

उन्होंने कहा, “वर्ष 2014 से पहले कश्मीर के युवाओं को अक्सर पत्थरबाजी से जोड़ा जाता था। आज, जब वे रणजी ट्रॉफी मैच जीतते हैं और पूरे जम्मू-कश्मीर का मान बढ़ाते हैं, तो मुझे गर्व महसूस होता है। यह प्रधानमंत्री का विज़न है, जिन्होंने हमेशा खेलों को बढ़ावा दिया है और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया है।”

भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए श्री नवीन ने कहा कि ज़मीनी स्तर पर काम करने वाला हर कार्यकर्ता उतना ही महत्वपूर्ण है जितने कि मंच पर बैठे लोग। उन्होंने कहा, “बूथ स्तर पर सेवा करने वाला और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात अथक परिश्रम करने वाला कार्यकर्ता भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितने मंच पर बैठे लोग।” उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में है, जो निस्वार्थ भाव से ज़मीनी स्तर पर संगठन को मज़बूत करते हैं और लोगों का भरोसा जीतते हैं।

डॉ. मुखर्जी के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने (डॉ. मुखर्जी) अपना जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया था।

उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संघर्ष किया। आज का दिन हर भाजपा कार्यकर्ता और जम्मू-कश्मीर के लिए एक खास दिन है। हम उनके संघर्षों को याद करते हैं और भाजपा ने ही प्रदेश के लिए उनके विज़न को पूरा किया है।”

 

Next Post

गाजा में हमास शासन भंग, ट्रंप-समर्थित राष्ट्रीय समिति को सत्ता हस्तांतरण की घोषणा

Mon Jul 6 , 2026
गाजा, 06 जुलाई (वार्ता) गाजा में हमास के नेतृत्व वाली सरकारी आपातकालीन समिति तथा सरकारी कार्य अनुवर्ती समिति के प्रमुख मोहम्मद अब्दुल खालिक अल-फर्रा ने सोमवार को अपने पदों से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए गाजा का नियंत्रण राष्ट्रीय समिति को सौंपने की पूर्ण तैयारी की पुष्टि कर दी। […]

You May Like