वृंदावन में छतरपुर के युवक की करंट लगने से मौत

छतरपुर। वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने गए छतरपुर के एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोमवार दोपहर मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर उस समय हुआ, जब भीषण गर्मी से राहत के लिए लगाए गए वाटर स्प्रे कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय अभिज्ञान गुप्ता की जान चली गई। मृतक छतरपुर शहर के मऊ दरवाजा क्षेत्र का निवासी था और अपने पिता अनिल गुप्ता के साथ भगवान के दर्शन करने वृंदावन गया था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पिता-पुत्र ISKCON मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम द्वारा वाटर स्प्रे कूलर लगाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिज्ञान कूलर के पास चप्पल उतार रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया और कुछ ही सेकंड में कूलर से चिपक गया। बेटे को बचाने के लिए दौड़े पिता अनिल गुप्ता को भी करंट का झटका लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कर तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिज्ञान को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद पिता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता अनिल गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस हृदयविदारक घटना से छतरपुर के मऊ दरवाजा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों और परिचितों को इस हादसे पर यकीन नहीं हो रहा है। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाटर स्प्रे कूलर में करंट उतरने को हादसे का कारण माना जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Next Post

क्रियेटिव के चेंबर प्रत्याशी घोषित, अध्यक्ष पद छोड़ा

Tue Jun 16 , 2026
ग्वालियर। क्रियेटिव हाउस ने मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज चुनावों के लिये अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। हाउस के प्रमुख राधेश्याम भाकर ने विजय गोयल, हेमंत गुप्ता, मुकेश अग्रवाल व महेश मुदगल की उपस्थिति में संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल, […]

You May Like