महमूद अली यूसुफ ने अफ्रीका दिवस पर महाद्वीप की एकजुटता, विकास का संकल्प दोहराया

अदीस अबाबा, 25 मई (वार्ता) अफ्रीका संघ आयोग के अध्यक्ष महमूद अली यूसुफ ने ‘अफ्रीका दिवस 2026’ के ऐतिहासिक अवसर पर वैश्विक मंच पर अफ्रीका के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए महाद्वीप की एकजुटता, विकास और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधारों की वकालत करने का अपना संकल्प दोहराया है। अफ्रीकी संघ की स्थापना की 63वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्री यूसुफ ने कहा, “आज अफ्रीका ‘अफ्रीकी संघ’ की स्थापना के 63 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। यह एक ऐसा ऐतिहासिक मील का पत्थर है जो एकता, स्वतंत्रता, गरिमा और विकास के हमारे सामूहिक प्रयासों को निरंतर प्रेरित करता है।” अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि इस वर्ष का अफ्रीका दिवस ‘एकता, एकीकरण और विकास के 63 वर्ष, आइए मिलकर जश्न मनाएं’ थीम के तहत मनाया जा रहा है, जो ‘एजेंडा 2063’ और ‘जैसा अफ्रीका हम चाहते हैं’ के निर्माण के प्रति संघ के अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री यूसुफ ने वैश्विक मंच पर अफ्रीका की बढ़ती भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जी-20 समूह में अफ्रीका संघ को स्थायी सदस्यता मिलना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि अफ्रीका वैश्विक आर्थिक निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में पूरी तरह से भाग ले और शांति, जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य और सतत विकास से जुड़े अंतरराष्ट्रीय समाधानों में अपना सार्थक योगदान दे सके।

अध्यक्ष ने महाद्वीप के भविष्य के लिए बुनियादी ढांचे की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि इस वर्ष अफ्रीकी संघ ने ‘एजेंडा 2063 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सतत जल उपलब्धता और सुरक्षित स्वच्छता प्रणाली सुनिश्चित करना’ विषय को अपना मुख्य फोकस बनाया है। यह जल सुरक्षा, जलवायु लचीलापन और सार्वजनिक स्वास्थ्य को महाद्वीप के विकास की आधारशिला के रूप में स्थापित करने की कोशिश है। श्री यूसुफ ने बहुपक्षीय वैश्विक व्यवस्था में सुधार की मांग उठाते हुए कहा कि अफ्रीका एक अधिक निष्पक्ष और प्रतिनिधिमूलक प्रणाली के लिए एकजुट है। इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार शामिल हैं ताकि महाद्वीप के साथ लंबे समय से हो रहे ऐतिहासिक अन्याय को ठीक किया जा सके। उन्होंने गुलामी और उपनिवेशवाद के स्थायी प्रभावों को दूर करने और ‘क्षतिपूर्ति न्याय’ की वैश्विक चर्चा को संयुक्त राष्ट्र महासभा में उठाने के लिए घाना द्वारा किए गए प्रयासों का भी स्वागत किया।

महाद्वीप के युवाओं की महत्वाकांक्षा और बढ़ते वैश्विक प्रभाव पर गर्व व्यक्त करते हुए श्री यूसुफ ने कहा कि इस वर्ष नौ अफ्रीकी राष्ट्रीय टीमें फीफा विश्व कप में भाग लेने की तैयारी कर रही हैं, जो इतिहास में अफ्रीका का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अफ्रीका की युवा प्रतिभाएं इस बार कप को घर लाने में सफल होंगी। अपने संदेश उन्होंने दुनिया भर में तैनात अफ्रीकी राजनयिकों से महाद्वीप की सामूहिक आवाज को मजबूत करने का आह्वान किया और शांति, एकीकरण और संस्थागत परिवर्तन में सहयोग के लिए अफ्रीका संघ के वैश्विक भागीदारों का आभार व्यक्त किया।

Next Post

इमरान को एकांत कारावास में रखकर बनाया जा रहा है राजनीति छोड़ने का दबाव : उज़मा ख़ानम

Mon May 25 , 2026
रावलपिंडी, 25 मई (वार्ता) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन उज़मा ख़ान ने दावा किया है कि उनके भाई को एकांत कारावास में रखकर राजनीति छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और समुचित उपचार नहीं मिलने से उनकी एक आंख की रोशनी भी कम होती जा […]

You May Like