नौतपा के पहले दिन ही सौसर में पारा 43 डिग्री के पार, तेज धूप से जनजीवन बेहाल

सौसर। सूर्य की तेज तपन और झुलसाने वाली गर्मी के विशेष नक्षत्र ‘नौतपा’ के पहले ही दिन रविवार को सौसर क्षेत्र में भीषण गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाए। सुबह से ही आसमान से बरसती आग और गर्म थपेड़ों के कारण लोग बेहाल नजर आए। दोपहर होते-होते क्षेत्र का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

सड़कों पर पसरा सन्नाटा, ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ी

​नौतपा के पहले ही दिन तीखी धूप और लू के चलते दोपहर के समय बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही पूरी तरह से चेहरा ढककर घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, छाछ, लस्सी और फलों के जूस जैसे शीतल खाद्य पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।

डॉक्टरों की सलाह- बरतें सावधानी, धूप से बचें

​भीषण गर्मी और नौतपा के मद्देनजर स्थानीय डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर संदीप नखाते ने नवभारत से चर्चा करते हुए नागरिकों को यह सलाह दी है उन्होंने कहा कि दोपहर के समय, खासकर जब सूरज की तपिश सबसे ज्यादा हो, बिना वजह घरों से बाहर न निकलें। इस मौसम में गरिष्ठ और मसालेदार भोजन से परहेज करें। हल्का और सुपाच्य भोजन ही लें। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी न होने दें। नींबू पानी, ओआरएस (ORS) का घोल, छाछ और मौसमी फलों का अधिक से अधिक उपयोग करें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो, तो सूती कपड़े से चेहरा और सिर ढककर रखें, छाते का उपयोग करें और साथ में पानी की बोतल जरूर रखें।

बहरहाल मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में नौतपा के चलते तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी के तेवर और कड़े हो सकते हैं।

Next Post

बदलाव के ऐतिहासिक दौर से गुजर रही है सेना : जनरल चौहान

Mon May 25 , 2026
नयी दिल्ली 25 मई (वार्ता) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने कहा है कि सेना बदलाव के दौर से गुजर रही है और इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच एकीकरण को मज़बूत करना, संचालन तालमेल को बढ़ाना और भविष्य की युद्ध संबंधी ज़रूरतों के हिसाब से क्षमताएं विकसित करना […]

You May Like