नौकरानी के साथ बर्बरता, बाल पकड़कर घसीटा – पीटा

जबलपुर:आधारताल थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एक रसूखदार मालकिन द्वारा अपनी ही घरेलू नौकरानी के साथ बर्बरतापूर्वक और बेरहमी से मारपीट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल हो रहे इस सीसीटीवी फुटेज ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी मालकिन क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी नौकरानी को बेरहमी से पीट रही है और उसके बाल पकड़कर सड़क पर घसटती हुई नजर आ रही है.

इस घटना के सामने आने के बाद पीड़ित महिला के आक्रोशित परिजनों ने आधारताल थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की. दिल दहला देने वाली घटना जबलपुर जिला अंतर्गत आधारताल थाना क्षेत्र की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की रहने वाली अंजू पांडे नाम की महिला पर अपनी घरेलू नौकरानी पूनम बर्मन के साथ न केवल अमानवीय व्यवहार और जानलेवा मारपीट करने, बल्कि उसके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का भी गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित महिला के परिजन और भारी संख्या में लोग आधारताल थाने पहुंचे, जहाँ उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने मालकिन की करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोला. परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी मालकिन अंजू पांडे ने पीड़ित नौकरानी पूनम बर्मन को बंधक जैसी स्थिति में रखा था और उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी.
परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, इस मामले में मारपीट के साथ-साथ एक बेहद गंभीर और शातिर वित्तीय अपराध भी शामिल है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी मालकिन अंजू पांडे की नजर नौकरानी पूनम बर्मन की जमा पूंजी पर थी. मालकिन ने साजिश के तहत पूनम को नशे के इंजेक्शन और अन्य नशीली गोलियां खिलाईं ताकि वह विरोध करने की स्थिति में न रहे. जब पीड़िता अर्धबेहोशी की हालत में थी, तब आरोपी महिला ने जबरन उसके चेक बुक पर हस्ताक्षर करवा लिए. इसके बाद बेहद शातिर तरीके से पूनम के बैंक खाते से करीब 6 लाख 30 हजार रुपये की बड़ी रकम निकाल कर उसे पूरी तरह कंगाल कर दिया गया. जब नौकरानी को इस ठगी का अहसास हुआ और उसने अपने खून-पसीने की कमाई वापस मांगी, तो मालकिन ने उसे डराने-धमकाने के लिए सड़क पर सरेआम बाल पकड़कर घसीटा और बेरहमी से पीटा.
इस पूरी प्रताड़ना, नशीले इंजेक्शन देने और लाखों की ठगी से परेशान होकर पीड़िता ने पहले पुलिस अधिकारियों के समक्ष जनसुनवाई में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और सबूत के तौर पर घटना का वह सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा था जो अब इंटरनेट पर वायरल हो चुका है. रात परिजनों के थाने पहुंचने और बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए आधारताल थाना पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत, परिजनों के बयानों और वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर विस्तृत और गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ वैधानिक शिकंजा कसा जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Next Post

अब बंद करो कानाफूसी, तुरंत लागू करो यूसीसी

Sun May 24 , 2026
इंदौर: देश की आजादी के बाद 1947 में ही समान नागरिकता संहिता बिल लागू कर देना चाहिए था हम काफी लेट हो चुके हैं और अब यह सब कानाफुसी बंद हो जाना चाहिए और तुरंत यूसीसी लागू कर देना चाहिए, सुझाव देते हुए लोगों ने कहा कि देश हित में […]

You May Like