राजस्थान सरकार ने पानी, बिजली और रोजगार क्षेत्र में किए उल्लेखनीय कार्य-भजनलाल

डूंगरपुर, 22 मई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार ने रोडमैप बनाकर प्रदेश में पानी, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

श्री शर्मा गुरुवार देर रात डूंगरपुर के धम्बोला गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है वहीं, ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि कर 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके है। जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किसान और युवाओं को विकास के अवसर उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा दे रही है वहीं चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के संकल्प को भी पूरा किया जाएगा। भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता से आयोजित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित ग्राम वार्ड अभियान के तहत गांवों और शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जिससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाएं जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उपज के अनुसार प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना से हमारा किसान सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर किसान वर्ग को अतिरिक्त आय के नए अवसर सृजित करने चाहिएं। किसानों को मिट्टी की उत्पादकता बनाए रखने के लिए जैविक खेती अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से सम्मान निधि मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेयरी एवं सहकारिता सेक्टर को मजबूत बनाया जा रहा है। दूध की प्रसंस्करण इकाइयों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। नवीन पैक्स खोलकर नए सदस्य जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय भाषा सिखाने के लिए महत्वपूर्ण एमओयू किया गया है, प्रदेश के युवा इस अवसर का लाभ उठाएं।

 

 

Next Post

14 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, 70 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, प्री-मानसून की धमाकेदार एंट्री!

Fri May 22 , 2026
देश के 14 राज्यों में अगले 12 घंटों में तूफानी बारिश का अलर्ट है। प्री-मानसून की दस्तक के बीच दिल्ली-यूपी में भीषण लू का कहर और 46 डिग्री पारा झुलसाएगा। भारत के मौसम में इस समय एक साथ दो बड़ी और विपरीत हलचलें देखने को मिल रही हैं। एक तरफ […]

You May Like