पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद में बहाया खून

इंदौर:आजाद नगर थाना क्षेत्र के मूसाखेड़ी में पुरानी उधारी या पैसों के हिसाब-किताब की बात को लेकर चार बदमाशों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया है.घटना आजाद नगर क्षेत्र की है. फरियादी गर्वित पिता लक्ष्मण सैनी निवासी पंचशील नगर, मूसाखेड़ी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. गर्वित का क्षेत्र के ही कुछ युवकों से पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था.

इसी बात को लेकर आरोपियों ने गर्वित को घेर लिया और गालियां देना शुरू कर दिया.जब गर्वित ने गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया. उन्होंने जान से खत्म करने की नीयत से धारदार चाकू निकाला और गर्वित पर प्राणघातक हमला कर दिया. चाकू के वार लगने से गर्वित को शरीर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले. घायल गर्वित को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.वारदात की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई. पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर दबिश देकर वारदात में शामिल भील कॉलोनी के रहने वाले चारों आरोपियो पिंटू उर्फ राजकुमार, अजय उर्फ डेरा पिता विष्णु,अमित उर्फ सन्नी पिता महेश चौहान,सुमित उर्फ मन्नी पिता महेश चौहान को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Next Post

बाइक से गिरे युवक की मौत

Tue May 19 , 2026
जबलपुर: सड़क दुर्घटना में घायल 18 वर्षीय युवक ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए अस्पताल भिजवाते हुए प्रकरण जांच में लिया है। इस संबंध में तिलवारा पुलिस ने बताया कि सोमवार को बादशाह हलवाई […]

You May Like