चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र 13 अप्रैल (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि सरकार गुरु साहिबानों की शिक्षाओं और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वह बैसाखी महोत्सव 2026 के राज्य स्तरीय समारोह में कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला ग्राउंड में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने दंगल प्रतियोगिता और अंतरराष्ट्रीय पतंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा सिख इतिहास और सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बैसाखी और खालसा पंथ की स्थापना दिवस पर गुरुओं को नमन करते हुए समाज में समानता, सेवा और समर्पण की भावना अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि पांच मई को कुरुक्षेत्र से श्री नांदेड़ साहिब के लिए तीर्थ यात्रा ट्रेन रवाना की जाएगी। साथ ही पांच एकड़ में बनने वाले सिख संग्रहालय के लिए 124 करोड़ रुपये के कार्यों का टेंडर जारी किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिख विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और 1984 दंगों से प्रभावित परिवारों को भी सहायता दी गयी है। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
