
छतरपुर। जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घिनौची में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में आधा दर्जन घरों को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी के जेवरात, नगदी और एलपीजी गैस सिलेंडर तक चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोर घरों में रखा खाना भी खा गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरी हुए सिलेंडरों की संख्या 3 से 4 बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के लोग रात में अपने घरों में सो रहे थे, तभी चोरों ने सुनसान का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब लोग जागे तो घरों के ताले टूटे मिले और सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। बाहर निकलने पर पता चला कि गांव के एक साथ 6 घरों में चोरी हुई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
चोरों ने सीमा सेन, नरेंद्र कुमार सेन, बंदू सेन, बल्देव अहिरवार, सतीश बुनकर और धरम अहिरवार के घरों को निशाना बनाया। कुछ मकान मालिक बाहर होने के कारण चोरी गए सामान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।
मामले में बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा के अनुसार सभी घरों में चोरी का तरीका एक जैसा है, जिससे एक ही संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।
