
भोपाल। राज्य के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में खुशखबरी सामने आई,जिसमें नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया, जिसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या 50 के पार पहुंच गई है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने साझा की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सफलता को लेकर पोस्ट किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी इसे पुनः साझा किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस उपलब्धि को देश के महत्वाकांक्षी चीता पुनर्वास कार्यक्रम की बड़ी सफलता बताया। उल्लेखनीय है कि भारत में दशकों बाद चीतों को फिर से बसाने के उद्देश्य से विदेशी चीतों को कूनो नेशनल पार्क में लाया गया था।
ज्वाला, जो नामीबिया से लाई गई प्रमुख मादा चीतों में से एक है, द्वारा पांच शावकों को जन्म देने से इस परियोजना को नई मजबूती मिली है। विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि दर्शाती है कि कूनो का पर्यावरण चीतों के प्रजनन और संरक्षण के लिए अनुकूल साबित हो रहा है।
वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में इसे एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जो भारत में विलुप्त हो चुके चीतों को फिर से बसाने के प्रयासों को नई गति देगी।
