
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरद्वारपुर में होली के दिन से लापता एक युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। युवक को पहाड़ी पर पड़े होने की सूचना मिलने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मुकुंद यादव उर्फ बालमुकुंद (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और सागर में एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक का काम करता था। परिवार में शादी और होली का त्योहार होने के कारण वह कुछ दिनों के लिए अपने गांव आया हुआ था।
परिजनों के अनुसार होली के दिन दोपहर के समय बालमुकुंद गांव के बाहर सड़क किनारे बैठा हुआ था। इसके बाद वह अचानक कहीं चला गया और देर शाम तक घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि वह पास की पहाड़ी पर पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत लवकुशनगर के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि युवक ने होली के दिन शराब पी रखी थी, लेकिन दोपहर तक वह सामान्य हालत में था। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
