जम्मू, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग कथित तौर पर ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी गई हेरोइन की खेप हासिल करने और उसे बेचने के काम में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही मामले की गहन जांच शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मदद से पहले आरोपी जतिन (निवासी पठानकोट) को दबोचा गया। उससे मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी दानिश डोगरा उर्फ साजन (निवासी, कठुआ) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी वीओआईपी (इंटरनेट कॉल्स) के माध्यम से पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की यह खेप उन्होंने आर्थिक लाभ के लिए स्थानीय युवाओं को बेचने के इरादे से प्राप्त की थी। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
