नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट अगले महीने गुजरात के अहमदाबाद से शारजांह के लिए उड़ान शुरू करेगी।
एयरलाइंस ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नयी उड़ान मंगलवार और बुधवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेगी। इस नॉन स्टॉप सेवा की शुरुआत 05 फरवरी से होगी। इसके लिए बुकिंग शुरू हो गयी है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस नयी उड़ान से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और भारत के बीच हवाई संपर्क बढ़ेगा। दुबई के बाद यूएई में यह उसका दूसरा गंतव्य होगा।
स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा कि यूएई की सांस्कृतिक राजधानी और एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय केंद्र के रूप में शारजांह एयरलाइंस के नेटवर्क से जुड़ने वाला एक महत्वपूर्ण शहर है।
शारजांह संयुक्त अरब अमीरात का तीसरा सबसे बड़ा और अकेला ऐसा अमीरात है जिसकी सीमा शेष सभी छह अमीरात के साथ मिलती है।
