
नीमच। अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण और अवैध खनन के खिलाफ जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नीमच के छह डॉक्टर मित्रों ने नीमच से उदयपुर तक की 140 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की है।यह यात्रा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का सशक्त संदेश दे रही है।आईएमए नीमच अध्यक्ष डॉ मनीष चमडिय़ा ने बताया कि अरावली पर्वत श्रृंखला जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन लगातार हो रहे अवैध खनन से इसे गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। इससे न केवल प्रकृति को क्षति हो रही है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों का भविष्य भी संकट में पड़ रहा है।इस साइकिल यात्रा में आईएमए नीमच के अध्यक्ष डॉ मनीष चमडिय़ा, सचिव डॉ आदित्य भंडारी, डॉ संजय गुप्ता, डॉ प्रकाश पटेल, डॉ दीपक पाटीदार और डॉ अर्णव चंदेल शामिल हैं। सभी चिकित्सक विभिन्न स्थानों पर रुककर आमजन को यह संदेश दे रहे हैं कि विकास तभी सार्थक है, जब वह प्रकृति के संरक्षण के साथ हो।
यात्रा के दौरान ‘पेड़-पर्वत बचाओ, भविष्य सजाओ’ का नारा दिया जा रहा है। डॉक्टरों ने आमजन के साथ-साथ प्रशासन से भी अपील की है कि अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएँ, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे और प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके।
