सिंगरौली : जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गीतांजली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित मिश्रा पॉलीक्लीनिक एवं नर्सिंग होम बैढ़न में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगातार जारी है।1 सितंबर से संचालित इस शिविर के अंतर्गत अब तक कुल 15 मोतियाबिंद मरीजों का ऑपरेशन किया जा चुका है। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ सर्जन डॉ. केएल पाण्डेय एवं डॉ. एसके श्रीवास्तव अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनके साथ सहयोगी टीम में शिवेन्द्र नामदेव, शिवम मिश्रा, चंदन एवं संदीप गुप्ता शामिल हैं। चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीजों की जांच, उपचार संबंधी प्रक्रिया और ऑपरेशन के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वहीं मिश्रा पॉलीक्लीनिक एवं नर्सिंग होम के संचालक डॉ. डीके मिश्रा ने बताया कि यह शिविर विश्व हिंदू परिषद द्वारा प्रायोजित है। शिविर 1 सितंबर से लगातार संचालित किया जा रहा है और अब तक 15 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। शिविर में अधिक जरूरतमंद मरीजों तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
