सीधी : किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और आधुनिक कृषि संसाधनों से परिचित कराने के उद्देश्य से 23 सितम्बर को शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़कर किसानों से संवाद करेंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में होगा। जिले के सभी विकासखंडों से बडी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रों, नवाचारों तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि में स्थानीय संसाधनों के बेहतर
उपयोग और टिकाऊ खेती की पद्धतियों से भी किसानों को परिचित कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद कर कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे तथा किसानों के अनुभव और सुझाव भी जानेंगे।
कलेक्टर, एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, यातायात, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीएम गोपद -बनास प्रिया पाठक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
