इंदौर: नवलखा इलाके के तीन इमली क्षेत्र में सोमवार सुबह पांच निजी बसों में लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया। आग की ऊंची लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं, जबकि घटना के दौरान हुए जोरदार धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बस में वेल्डिंग कार्य के दौरान आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसपास खड़ी चार अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान चार जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने बताया कि धमाके गैस सिलेंडर फटने जैसे महसूस हो रहे थे। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर खड़ी एक बस में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बस में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी चार अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर गया।
